स्कूल ऑफ एमिनेंस और मैरिटोरियस स्कूलों में 10वीं और 12वीं में दाखिले के लिए रविवार को एंट्रेंस एग्जाम होगा। शिक्षा विभाग की ओर से जिले में कुल 73 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं जहां करीब 24 हजार स्टूडेंट्स एग्जाम देंगे। परीक्षा केंद्रों पर संबंधित स्कूलों का स्टाफ ही ड्यूटी पर तैनात रहेगा, ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। विभाग ने परीक्षा की पारदर्शिता और नकल रोकने के लिए विशेष निर्देश भी जारी किए हैं। विभाग की ओर से बाबा बकाला में 10, अजनाला में 19, अमृतसर-1 में 11, अमृतसर-2 में 27 और मजीठा में 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर बैठने की व्यवस्था, पेयजल, बिजली और सुरक्षा के इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। डीईओ राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। उन्होंने स्टूडेंट्स से अपील की कि समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। 4 मार्च को होली का पर्व है और इसे लेकर स्टूडेंट्स और उनके अभिभावक घूमने के लिए निकले हुए है। ज्यादातर लोग श्री आनंदपुर साहिब और बाबा बड़भाग सिंह में मेला देखने के लिए गए हैं। विभाग की ओर से होली से 2 दिन पहले ही यह टेस्ट रख दिए गए हैं, जिसमें साफ है कि काफी स्टूडेंट्स गैर हाजिर रहेंगे। आरटीआई एक्टीविस्ट विशाल जोशी ने कहा कि विभाग की ओर से यह टेस्ट होली से या तो 10 दिन पहले रखना चाहिए या फिर होली के बाद। ताकि इसमें ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स की हाजिरी सुनिश्चित हो सके। साफ है कि रविवार को होने वाले टेस्ट में काफी संख्या में स्टूडेंट्स की गैर हाजिरी होने की उम्मीद है। वहीं रिकॉग्नाइज्ड एंड एफिलिएटेड स्कूल एसोसिएशन (रासा) के प्रदेश महासचिव सुजीत कुमार बबलू का कहना है कि विभाग की ओर से दी गई हिदायतों पर प्राइवेट स्कूलों में भी सभी बंदोबस्त किए गए हैं। जिले के 22 निजी स्कूलों में भी परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। डीईओ राजेश कुमार शर्मा।


