6 मार्च तक चलेंगी स्पेशल बसें:जयपुर, दिल्ली और यूपी के लिए 24 घंटे मिलेगी बस सेवा

भरतपुर रंगों के महापर्व होली के अवसर पर यात्रियों को उनके गंतव्य तक सुरक्षित और सुलभ तरीके से पहुंचाने के लिए भरतपुर और लोहागढ़ आगार द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। त्योहार के दौरान घर जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने 6 मार्च तक विशेष बस संचालन का निर्णय लिया है। इस अवधि में जयपुर, दिल्ली, आगरा, अलीगढ़, अलवर, धौलपुर और चंडीगढ़ जैसे व्यस्त मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि यात्रियों को घंटों इंतजार न करना पड़े और वे समय पर अपने परिवार के साथ होली मना सकें। भरतपुर आगार के मुख्य प्रबंधक शक्ति ​सिंह ने बताया कि नियमित बसों के अलावा यात्रीभार की उपलब्धता को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी स्टैंडबाई पर रखी गई है। जैसे ही किसी मार्ग पर यात्रियों की संख्या में इजाफा होगा, तुरंत प्रभाव से एक्स्ट्रा बसें रवाना कर दी जाएंगी। यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखते हुए न केवल बस स्टैंड, बल्कि बीच रास्ते से यात्रा शुरू करने वाले लोगों के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए भरतपुर जिले के आसपास चेकिंग प्वाइंट लगाए हैं। लुधावई, उच्चैन और ऊंचा नगला जैसे प्रमुख स्थानों पर परिवहन कर्मचारियों की पारी के अनुसार (शिफ्ट वाइज) ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी मार्ग पर बसों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे और परेशान यात्रियों को बसें रुकवाकर सीट दिलाने में मदद करेंगे। जयपुर में भी लगाई कर्मचारी की ड़्यूटी लोहागढ़ आगार के मुख्य प्रबंधक राकेश सैनी ने बताया कि व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रबंधन ने निगरानी तंत्र को भी मजबूत किया है। जिले के बाहर से आने वाले यात्रियों के समन्वय के लिए एक विशेष कर्मचारी की तैनाती जयपुर में भी की गई है, जो वहां से भरतपुर की ओर आने वाले यात्रीभार की सूचना और बसों के संचालन की मॉनिटरिंग करेगा। विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहार के इस भागदौड़ भरे समय में किसी भी यात्री को परेशानी न हो। इन सात दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के जरिए रोडवेज प्रशासन अधिक से अधिक राजस्व जुटाने के साथ-साथ आमजन को बेहतर सेवाएं देने का प्रयास कर रहा है। साथ ही रोडवेज का उद्देश्य है कि पर्व के मौके पर यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *