राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम:होली पर आधे शहर में 4 घंटे होगी बिजली कटौती

रंगों के त्योहार से ठीक पहले जब शहर में होली की तैयारियां जोर पकड़ रही हैं, उसी वक्त चार घंटे की घोषित बिजली कटौती ने आमजन की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। रविवार, एक मार्च को दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक शहर के करीब 50 प्रतिशत हिस्से में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सवाल उठ रहे हैं, क्या त्योहार से पहले यह समय ही चुना जाना था। राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम की ओर से केवी पूगल रोड जीएसएस के अत्यावश्यक रख-रखाव कार्य के नाम पर एक मार्च को चार घंटे की बिजली कटौती की घोषणा की गई है। निर्धारित समय दोपहर 2 से शाम 6 बजे तक रहेगा। घोषित सूची के अनुसार पूगल रोड, गजनेर रोड, लालगढ़, नाल रोड, जैसलमेर रोड, एमपी कॉलोनी के सेक्टर 1 से 17, बंगला नगर, करणी औद्योगिक क्षेत्र फीडर 1 से 6, रामपुरा गली नंबर 1 से 20, सर्वोदय बस्ती, प्रताप बस्ती, मुरलीधर व्यास नगर के विभिन्न सेक्टर, जस्सूसर गेट, सीताराम गेट, विश्वकर्मा गेट, पाबुबारी, डॉ करणी सिंह स्टेडियम क्षेत्र, एफ.सी.आई रोड, गंगा सिंह महाराजा विश्वविद्यालय क्षेत्र सहित दर्जनों मोहल्ले और औद्योगिक इकाइयां प्रभावित रहेंगी। इन क्षेत्रों में पिंजरा प्रोल गोशाला, नया शहर पानी की टंकी, ईदगाह बड़ी मस्जिद के सामने का इलाका, लालगढ़ रेलवे अस्पताल, डूडी पेट्रोल पंप, रंगोली फैक्ट्री, आरसीडीएफ फैक्ट्री, काजरी फार्म हाउस, रेलवे वर्कशॉप, प्रताप मॉल के पीछे का क्षेत्र और वाटर वर्क्स शोभासर जैसे प्रमुख स्थान शामिल हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सालभर कभी मेंटिनेंस तो कभी पेड़ों की छंटाई के नाम पर बिजली कटौती आम बात हो गई है। लेकिन त्योहार से ठीक पहले दिन के समय चार घंटे की कटौती ने लोगों को असहज कर दिया है। होली की साफ-सफाई, रंग-गुलाल की तैयारी, घरों की मरम्मत और बाजार की गतिविधियां इन दिनों चरम पर हैं। ऐसे में लंबी कटौती से घरेलू कामकाज, छोटे उद्योग और व्यापार प्रभावित होंगे। व्यापारियों का कहना है कि औद्योगिक क्षेत्र और मिल क्षेत्रों में उत्पादन कार्य भी बाधित होगा, जिससे आर्थिक नुकसान की आशंका है। बिजली उपकरणों का निरंतर मेंटेनेंस करना जरूरी है, इससे उपकरणों की लाइफ बढ़ती है। 1 मार्च को राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम द्वारा घोषित बिजली कटौती होगी। अशोक शर्मा, प्रवक्ता बीकेईएसएल

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *