छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस नाबालिग वाहन चालकों पर कार्रवाई कर रही है। शहर के चौक-चौराहों पर जांच के दौरान 40 ऐसे वाहन चालकों को पकड़ा गया, जो नाबालिग थे। पुलिस ने उनके परिजनों को थाने बुलाकर वाहनों का चालान काटा। साथ ही उन्हें समझाइश भी दी गई। होली त्योहार को लेकर पुलिस अपराधों पर लगाम लगाने के लिए संदिग्ध लोगों पर निगरानी कर रही है। इसके अलावा नाबालिग चालक और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में पुलिस की ओर से नाबालिग चालकों की जांच शुरू की गई। शनिवार को शहर के कोतवाली, चक्रधरनगर और जूटमिल थाना क्षेत्रों के मुख्य चौक-चौराहों पर जांच की गई। इस दौरान कई नाबालिग वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करते मिले। कार्रवाई के दौरान 40 नाबालिग वाहन चालकों को वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। इसके बाद उनके परिजनों को थाने बुलाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रत्येक के खिलाफ 1000-1000 रुपए का चालान काटा गया। परिजनों को कड़ी हिदायत दी साथ ही नाबालिग चालकों के परिजनों को कड़ी हिदायत दी गई कि भविष्य में उनके बच्चे दोबारा वाहन चलाते पाए गए तो वाहन की जब्ती के साथ परिजनों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों से की अपील रायगढ़ पुलिस ने नाबालिग चालकों के परिजनों से अपील की है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की जानकारी दें, ताकि किसी प्रकार की अनहोनी को रोका जा सके और ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। खुद और दूसरों की जान खतरे में डालते हैं- SSP एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि कई नाबालिग बच्चे वाहन चलाते समय स्वयं एवं अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालते हैं। भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति पाए जाने पर वाहन जब्ती के साथ अभिभावकों के खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


