जयपुर के कानोड़िया पीजी महिला महाविद्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। इंस्टीट्यूशंस इनोवेशन काउंसिल के तत्वावधान में विज्ञान विभाग ने विज्ञान प्रदर्शनी और इंटरएक्टिव व्याख्यान का आयोजन किया। कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. सीमा अग्रवाल ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। इस प्रदर्शनी में करीब 100 छात्राओं ने हिस्सा लिया। छात्राओं ने भौतिकी, वनस्पति विज्ञान और जीवविज्ञान के मॉडल प्रस्तुत किए। साथ ही जैव प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य विज्ञान और गणित के सिद्धांतों को पोस्टर के माध्यम से दर्शाया। राजस्थान विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. नरेंद्र जाखड़ ने ‘विज्ञान में उभरते करियर अवसर’ पर व्याख्यान दिया। उन्होंने छात्राओं को विज्ञान क्षेत्र में भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी। डॉ. नरेंद्र जाखड़ और एसएस जैन सुबोध कॉलेज के सह-आचार्य डॉ. राजेश यादव ने कार्यक्रम का मूल्यांकन किया। कार्यक्रम के अंत में विज्ञान प्रदर्शनी के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।