भास्कर न्यूज | जालंधर रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) ने रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (आरपीएफ) कांस्टेबल के 4208 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षाएं शुरू कर दी हैं। कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) प्रथम की परीक्षाएं 20 मार्च तक चलेंगी। इस परीक्षा में देशभर से करीब 45 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। आरआरबी ने महाकुंभ मेले के चलते जनवरी और फरवरी में सीबीटी का आयोजन नहीं किया था। इसलिए अब 2 से 20 मार्च तक परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पद के लिए एक हजार से अधिक अभ्यर्थी प्रतिस्पर्धा में हैं। कांस्टेबल पदों के लिए अभ्यर्थियों के ई-कॉल लेटर पहले ही जारी किए जा चुके हैं। अलग-अलग दिनों के लिए अलग-अलग ई-कॉल लेटर जारी होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा। आरआरबी ने मॉक टेस्ट लिंक भी जारी किया है ताकि अभ्यर्थी परीक्षा की तैयारी कर सकें। परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले बायोमैट्रिक ऑथेंटिकेशन होगा, जिसके लिए आधार कार्ड या ई-सत्यापित आधार का प्रिंटआउट लाना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे www.rrbapply.gov.in पर लॉग इन कर आधार सत्यापन कर लें।


