डूंगरपुर में नवाटापरा के पास एक ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो ड्राइवर की मौत हो गई, जबकि उसमें सवार 2 महिलाओं सहित 4 लोग घायल हो गए। सभी घायल डूंगरपुर अस्पताल में भर्ती हैं। यह परिवार एक ढूंढोत्सव कार्यक्रम से लौट रहा था। दोवड़ा थाना पुलिस के अनुसार, ऐरावाला नेपालपुरा निवासी रूपलाल (45) पुत्र पूंजा अहारी अपने परिवार के साथ नवाटापरा में चाचा की बेटी के बच्चे के ढूंढोत्सव कार्यक्रम में गए थे। शनिवार देर शाम कार्यक्रम के बाद सभी लोग ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। ऑटो रूपलाल ही चला रहा था। नवाटापरा गांव में ही ऑटो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में ऑटो ड्राइवर रूपलाल अहारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जयंतीलाल (45) पुत्र होमजी अहारी मीणा, तुलसी पत्नी गौतम, अजनबलाल और आशा देवी (40) पत्नी देवीलाल निवासी नेपालपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत डूंगरपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद रूपलाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर दोवड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। घायलों का इलाज जारी है।
मृतक रूपलाल पेशे से ड्राइवर था। उसके 4 बेटे हैं और एक बेटी की शादी हो चुकी है। होली से पहले हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।


