धौलपुर में नाकाबंदी में 1118 गाड़िया वेरिफाई की:3 दिन में 133 वाहन जब्त, नशे में मिलने पर 25 पर कार्रवाई

धौलपुर पुलिस ने 3 दिवसीय ‘ए’ श्रेणी नाकाबंदी अभियान चलाया। इस दौरान 1118 वाहनों का सत्यापन किया गया और 133 वाहन जब्त किए गए।
एसपी विकास सांगवान के नेतृत्व में यह अभियान पिछले 3 दिनों तक शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक जिलेभर में चलाया गया। इसका उद्देश्य संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच करना था। अभियान की निगरानी एएसपी वैभव शर्मा, एएसपी (एडीएफ) मुख्यालय बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ और जिले के सभी वृत्ताधिकारियों के पर्यवेक्षण में की गई। सभी थानाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी में सक्रिय रहे।
इस दौरान राजकॉप ऐप के माध्यम से 1118 वाहनों का पंजीकरण और स्वामित्व सत्यापित किया गया। साथ ही, 704 संदिग्ध व्यक्तियों के फोटो का राजकॉप के फोटो फीचर से मिलान किया गया। नाकाबंदी के दौरान 133 वाहनों को जब्त किया गया और 25 वाहन चालकों के खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में कार्रवाई की गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की गहन तलाशी ली, दस्तावेजों की जांच की और सवार व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन किया। इस दौरान बीमार, महिला और वरिष्ठ नागरिकों को अनावश्यक असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा गया। एसपी सांगवान ने शनिवार देर रात सागर पाड़ा पुलिस चौकी पर थाना कोतवाली द्वारा की जा रही ‘ए’ श्रेणी नाकाबंदी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कार्रवाई का अवलोकन किया और अधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि राजस्थान पुलिस अपराधियों के हर मंसूबे को नाकाम करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने ‘ए’ श्रेणी की नाकाबंदी को अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो-टॉलरेंस’ नीति का स्पष्ट संदेश बताया। उन्होंने राजकॉप ऐप को संदिग्धों पर प्रभावी निगरानी रखने में महत्वपूर्ण बताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *