झारखंड की दो प्रमुख पार्टियां झामुमो और भाजपा सदस्यता अभियान चला रहे हैं। इसे लेकर दोनों पार्टियों के अपने-अपने दावे हैं। उनका कहना है कि अभियान के जरिए जिले से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है। गांव-गांव तक जाकर लोगों को पार्टी की विचारधारा से अवगत कराया जा रहा है। उन्हें सदस्य बनाया जा रहा है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने शनिवार को कहा कि झामुमो का सदस्यता अभियान समाप्त हो चुका है। पार्टी ने राज्य भर में 50 लाख मेंबर बनाए हैं। वहीं, भाजपा का दावा है कि अब तक राज्य में भाजपा के 52 लाख सदस्य बन चुके हैं। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि सदस्य बनाने के दृष्टिकोण से पार्टी ने अपना लक्ष्य पार कर लिया है। सक्रिय सदस्य बनाने का अभियान अभी चल रहा है। कुछ जगहों पर प्राथमिक सदस्य भी बन रहे हैं। हालांकि, जब दोनों नेताओं से जिलावार सदस्यों की संख्या बताने को कहा गया, तो दोनों के एक ही उत्तर आए कि अभी पूरी सूची कंपाइल नहीं हो पाई है। भाजपा : पार्टी में सदस्य बनने के हैं 3 तरीके भाजपा में सदस्य बनने के तीन तरीके हैं। पार्टी के कार्यकर्ता ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सदस्य बना रहे हैं। यह थोड़ी जटिल प्रक्रिया है, पर पूरी तरह पारदर्शी है। इसमें पूरा बायोडाटा भरना पड़ता है, जैसे- नाम, उम्र, पता, बूथ संख्या, मोबाइल नंबर आदि। पार्टी ने सभी नेताओं से कहा है कि वे इस माध्यम से ही ज्यादा से ज्यादा लोगों को सदस्य बनाएं। भाजपा का सदस्य बनने का दूसरा तरीका है मिस्ड कॉल। पार्टी ने मोबाइल नंबर जारी किए हैं, जिस पर मिस्ड कॉल देने से सदस्य बना जा सकता है। वहीं, ऐसे क्षेत्र जहां नेटवर्क की समस्या है, वहां रसीद द्वारा सदस्य बनाए जा रहे हैं। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रमाकांत महतो ने बताया कि भाजपा में ऑनलाइन सदस्य बनाए जा रहे हैं। ऐसे में हमारी संख्या पक्की है। हालांकि, रमाकांत ने भी कहा कि अभी जिलावार सदस्यों की सूची तैयार नहीं है। मिस्ड कॉल से ही करीब 20 लाख लोग बने सदस्य, झामुमो : सदस्य बनाने के लिए जिलों को भेजी रसीद झामुमो में रसीद से सदस्य बनाया जा रहा है। पार्टी ने सदस्यता रसीद छपवाई है। सभी जिलों को रसीद भेजी गई है। जिले के अधिकारियों के निर्देशन में रसीद के माध्यम से सदस्यता अभियान चल रहा है। सुप्रियो ने कहा कि जिलों को भेजी गई सदस्यता रसीद मिलने के बाद जिलावार सूची बनाई जाएगी। झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडेय बबलू ने कहा कि केंद्रीय कार्यालय ने जिलों को 50 लाख से अधिक सदस्यता रसीद भेजी है। सदस्यता अभियान समाप्त, हमने बनाए 50 लाख मेंबर : झामुमो भाजपा वर्तमान में झारखंड के साथ-साथ बिहार में भी सदस्यता अभियान चला रही है। अब तक मिस्ड कॉल से करीब 20 लाख लोगों के सदस्य बनने की बात हो रही है। मिस्ड कॉल के माध्यम से सदस्य बन रहे लोग बिहार के हैं या झारखंड के, इसके लिए छंटनी होगी। ऐसे में मिस्ड कॉल से बने सदस्यों के एड्रेस का वेरिफिकेशन के लिए सबको फोन किया जा रहा है। पता लगाया जा रहा है कौन-किस राज्य में रह रहा है।