कोटा शहर के गुमानपुरा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की इलाज के दौरान मौत के बाद पीहर (मायका) और ससुराल पक्ष के बीच विवाद गहरा गया। शव के अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला थाने तक पहुंच गया। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी प्रतिमा की दहेज की मांग को लेकर हत्या की गई है। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों का कहना है कि मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाए। वहीं, गुमानपुरा थाना के एसआई देवकीनंदन ने बताया- अंतिम संस्कार को लेकर दोनों पक्षों में विवाद की स्थिति बन गई थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमबीएस अस्पताल लाया गया, लेकिन सूर्यास्त हो जाने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। अब मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। ससुराल पक्ष ने अंतिम संस्कार की तैयारी भी कर ली गई थी, लेकिन पीहर पक्ष के विरोध के चलते कार्रवाई रोक दी गई। विवाद बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


