चित्तौड़गढ़ में कार ने मारी टक्कर, बुजुर्ग की मौत:ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, भीलाखेड़ा रोड पर जाम, प्रशासन की समझाइश से शांत हुआ माहौल

चित्तौड़गढ़ जिले के मंगलवाड़ थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने भीलाखेड़ा रोड पर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में देर रात तक तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस को यातायात मंगलवाड़-चिकारड़ा चौराहे से डायवर्ट करना पड़ा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों का जाब्ता मौके पर तैनात किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद देर रात मामला शांत हुआ। इंडियन पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, मौके पर ही मौत मंगलवाड़ थाना अधिकारी भगवान लाल के अनुसार ढीला खेड़ा निवासी देवीलाल पुत्र हजारीलाल बंजारा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया गया कि शनिवार रात वह अपने खेत से गायों को घर लेकर आ रहा था। उसके आगे उसके काका का बेटा मदन पुत्र अमरा बंजारा (60) पैदल अपने घर की ओर जा रहा था। जब वे इंडियन पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्विफ्ट कार ने मदन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मदन की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा मंगलवार चौराहे से निंबाहेड़ा जाने वाली सड़क पर हुआ। पीछे चल रहे देवीलाल ने कार का नंबर नोट कर तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही दूरी पर पकड़ी गई कार, ड्राइवर गिरफ्तार थाना अधिकारी भगवान लाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल नाकाबंदी कर वाहन की तलाश शुरू की। कुछ ही दूरी पर स्विफ्ट कार को पकड़ लिया गया और उसे जब्त कर लिया गया। कार चला रहे ड्राइवर कुलदीप निवासी बेदला, उदयपुर को डिटेन कर थाने लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने देवीलाल की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। ग्रामीणों का आक्रोश, कई थानों का जाब्ता तैनात हादसे की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और भीलाखेड़ा रोड पर जाम लगा दिया। इससे यातायात प्रभावित हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने वाहनों को मंगलवाड़-चिकारड़ा चौराहे से डायवर्ट किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ीसादड़ी डिप्टी के नेतृत्व में मंगलवाड़, डूंगला, निकुंभ, मंडफिया, भादसोड़ा, भोपाल सागर और अकोला थाना अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी और तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाया। देर रात तक चली समझाइश के बाद परिजन मान गए और जाम हटा लिया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *