होली को लेकर मंडी पुलिस सख्त:6 स्थानों पर की गई नाकाबंदी, CCTV से होगी निगरानी, हुड़दंगियों को जेल भेजा जाएगा

हिमाचल प्रदेश में मंडी पुलिस ने होली के दौरान हुड़दंग रोकने के लिए इस बार सख्त कदम उठाने की घोषणा की है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) मंडी ने होली के दिन यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए योजना साझा की। इसके तहत, होली पर शहर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेगा, जिससे हुड़दंगियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी। एसपी विनोद कुमार के अनुसार, शराब पीकर गाड़ी, बाइक या कोई भी वाहन चलाने वालों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इसके अतिरिक्त, शहर में अव्यवस्था फैलाने, लोगों से दुर्व्यवहार करने, बिना अनुमति रंग डालने और स्कूली बच्चों या नौकरीपेशा लोगों को बेवजह परेशान करने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इन नियमों को लागू करने के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर छह नाके लगाए जाएंगे। मलोरी टनल से निकाले जाएंगे वाहन यातायात योजना के तहत, सुंदरनगर से कुल्लू की ओर जाने वाले वाहनों को मलोरी टनल के रास्ते निकाला जाएगा। जोगिंदरनगर की ओर से आने वाले वाहनों को भ्युलि पुल से आना होगा। मंडी से कुल्लू जाने वाले वाहनों का बस स्टैंड पर मार्गदर्शन किया जाएगा। इसी तरह, रिवालसर जाने वाले वाहनों को सुकेती पुल केहनवल रोड से निकाला जाएगा, जबकि रिवालसर से मंडी आने वाले वाहनों को तल्याहड़ होते हुए मंडी तक पहुंचाया जाएगा। एसपी मंडी विनोद कुमार ने जनता से मर्यादित होली मनाने और किसी भी प्रकार का हुड़दंग न करने की अपील की है। सेरी मंच पर होगा भव्य आयोजन इस बीच, शहर के सेरी मंच पर होली के उपलक्ष्य में होने वाले भव्य आयोजन को मंडी जिला प्रशासन ने हरी झंडी दे दी है। पहले प्रशासन ने आयोजन के लिए एक दर्जन से अधिक शर्तें लगाई थीं, जिन्हें पूरा न होते देख आयोजकों ने हाथ खींच लिए थे। हालांकि, शनिवार को आयोजकों और प्रशासन के बीच हुई बैठक में कई बातों पर सहमति बनी और प्रशासन ने कुछ शर्तों में ढील देते हुए आयोजन की अनुमति दे दी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *