हनुमानगढ़ में टाउन थाना पुलिस ने मारपीट और लूट के मामले में वांछित 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई 2200 रुपए की राशि भी बरामद की है। एएसआई किशोर सिंह के नेतृत्व में टाउन थाना पुलिस की टीम ने लखूवाली क्षेत्र में हुई मारपीट और लूट की वारदात में फरार चल रहे चक 11 आरपी, लखूवाली हैड निवासी इरफान खान उर्फ फान और मोहम्मद आसिम खान को पकड़ा।
पुलिस के अनुसार इरफान खान टाउन क्षेत्र का हार्डकोर अपराधी है, जिसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी और मारपीट सहित विभिन्न थानों में 34 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। मोहम्मद आसिम के खिलाफ भी मारपीट के 4 मामले दर्ज बताए गए हैं। बर्थडे पार्टी में किया था हमला
यह गिरफ्तारी 2 फरवरी की घटना से संबंधित है। पीलीबंगा रोड स्थित लखूवाली क्षेत्र में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमला किया था। इस हमले में काला नामक युवक को गंभीर चोटें आईं। उसके भाई ईमदाद ने 3 फरवरी को टाउन थाने में मामला दर्ज करवाया था। परिवादी ईमदाद के सिर और हाथ पर चोटें आई थीं।
आरोप है कि मारपीट के बाद उसकी जेब से 2200 रुपए छीन लिए गए थे। इस मामले में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों सहित करीब एक दर्जन युवकों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की जांच कर रहे एएसआई किशोर सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


