बांसवाड़ा में पुलिस पर फायरिंग कर भागे तस्कर:पीछा करने पर फॉर्च्यूनर छोड़कर फरार, 207 किलो डोडा-चूरा बरामद

बांसवाड़ा में शनिवार देर रात प्रतापगढ़ से शुरू हुआ तस्करों का फिल्मी अंदाज का पीछा पहाड़ियों में जाकर थमा। अवैध डोडा-चूरा से भरी एक फॉर्च्यूनर ने दो जिलों की पुलिस को घंटों छकाया। तस्करों ने नाकाबंदी तोड़ी, पुलिस टीम पर फायरिंग की और तेज रफ्तार में गांवों की संकरी गलियों से होते हुए भाग निकले। आखिरकार घेराबंदी सख्त होने पर वे वाहन छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी से 207 किलो डोडा-चूरा बरामद कर एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया है। प्रतापगढ़ से मिली थी सूचना SP सुधीर जोशी ने बताया- संदिग्ध फॉर्च्यूनर के प्रतापगढ़ में नाकाबंदी तोड़कर बांसवाड़ा की ओर आने की सूचना मिली थी। इसके बाद दानपुर और आबापुरा थाना क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर घेराबंदी की गई। बावजूद इसके, तस्करों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और तेज रफ्तार से भाग निकले। पीछा करने पर की फायरिंग पुलिस के लगातार पीछा करने पर तस्करों ने पीछा कर रही टीम पर कई राउंड फायरिंग की। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। खेतों में फंसी गाड़ी, अंधेरे में भागे आबापुरा थानाधिकारी निर्भय सिंह और दानपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीमों ने जब चारों तरफ से घेरा, तो तस्करों ने वाहन को मुख्य सड़क से हटाकर दानपुर क्षेत्र के खजूरी गांव की ओर मोड़ दिया। उबड़-खाबड़ रास्ते और पहाड़ी इलाके में गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी। पुलिस को नजदीक आता देख तस्कर वाहन छोड़कर पहाड़ियों और घने अंधेरे में भाग निकले। पुलिस ने वाहन की तलाशी में कट्टों में भरा 207 किलो डोडा-चूरा बरामद किया। तस्करों की पहचान और नेटवर्क खंगालने के प्रयास जारी हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *