मां को खाना देने खेत पर गई युवती के वापस घर नहीं लौटने से नाराज लोगों ने मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। घटनाक्रम दौसा के खुरी गांव का है, जहां दौसा और सैंथल रोड की तरफ लंबा ट्रैफिक जाम लगा गया। सूचना पर पहुंची सैंथल थाना पुलिस लोगों से समझाइश कर जाम खुलवाने का प्रयास कर रही हैं तो वहीं ग्रामीणों ने किडनैप की आशंका जताते हुए युवती की तलाश करने की मांग पर अड़े रहे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती दोपहर को अपनी मां को खाना देने के लिए खेत पर गई थी लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। मां ने घर पहुंच कर बेटी को तलाश किया तो वह नहीं मिली। इसके बाद परिजनों के साथ आसपास और गांव में तलाश करने पर भी पता नहीं चला। डीएसपी के आश्वासन पर माने ग्रामीण मौके पर बड़ी तादात में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिन्होंने मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। सैंथल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच समझाइश की, लेकिन ग्रामीण नहीं माने। बाद में डीएसपी धर्मेंद्र शर्मा के आश्वासन पर जाम खोलने को सहमत हुए। सीसीटीवी से जुटा रहे साक्ष्य परिजनों द्वारा जताई गई अपहरण की आशंका के चलते युवती की तलाश में पुलिस की टीम जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज समेत अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी से साक्ष्य जुटा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


