हनुमानगढ़ जिले में संगरिया थाना इलाके की मानकसर ढाणी में एक टेम्पो ड्राइवर पर हमला कर उससे नकदी, चांदी के आभूषण और मोबाइल फोन लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में 4 लोगा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीलीबंगा क्षेत्र के गांव प्रेमपुरा निवासी मुकेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह टेम्पो चलाने का काम करता है। 27 फरवरी की शाम करीब 5:30 बजे उसे एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉलर ने शेरगढ़ गांव से 45 क्रेट सब्जी पीलीबंगा पहुंचाने के लिए 1300 रुपए किराया तय किया और उसे मानकसर ढाणी बुलाया। किराए पर चलने का झांसा देकर बुलाया
रिपोर्ट के अनुसार, मुकेश अपने साथी रामचंद्र के साथ रात करीब 7:45 बजे टेम्पो लेकर मानकसर ढाणी पहुंचा। वहां एक व्यक्ति मिला जिसने कमरे की चाबी नहीं होने की बात कहकर कुछ देर इंतजार करने को कहा। इसी दौरान 3 अन्य युवक वहां आ गए। आरोप है कि चारों ने मिलकर मुकेश और उसके साथी पर लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। एक साथी जान बचाकर भागा
हमले के दौरान रामचंद्र अपनी जान बचाकर भाग गया, जबकि हमलावरों ने मुकेश को पकड़ लिया। आरोपियों ने उसकी जेब से 2300 रुपए नकद, दो चांदी की अंगूठियां, एक कान की बाली और मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर उसे नीचे गिराकर रॉड से कई वार किए गए। मुकेश के पेट, कमर, हाथ और पैरों पर चोट के निशान बताए गए हैं। मरा हुआ समझकर छोड़कर हुए फरार
हमलावर उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गए। बाद में होश आने पर मुकेश सड़क पर पहुंचा और अपने साथी के साथ पीलीबंगा लौटा। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई विजय सिंह को सौंपी है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।


