होली-धुलंडी पर्व को लेकर उदयपुर पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने दोनों दिन के लिए खास प्लान बनाया है जिसके तहत कानून व्यवस्था बनी रही और शहरवासी खुशियों के साथ होली का पर्व मनाए। पुलिस ने शहर में 2 मार्च को होलिका दहन को लेकर भी हर जगह पुलिस बल की नजर रहे ऐसे प्रबंध किए है। जहां सबसे ज्यादा भीड़ रहती है वहां खास तौर पर पुलिस जाब्ता रहेगा। 2 मार्च को जगदीश चौक, मल्लातलाई समेत शहर में अलग-अलग जगहों पर होली दहन का कार्यक्रम होगा। फिर 3 मार्च को रंग से धुलंडी खेली जाएगी। इसको लेकर पुलिस अलर्ट है। शहर में चौराहों, भीड़ भाड़ वाले इलाके और जगह-जगह पर पेट्रोलिंग टीमों के साथ अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। ये हुड़दंग मचाने वालों, असामाजिक तत्वों और शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के साथ इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शहरभर में अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया है, जो प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात रहेगा। कई स्थानों पर पुलिस जवान सादे कपड़ों मौजूद रहेंगे, ताकि उपद्रवियों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जा सके। मुख्य बाजारों और चौराहों पर पेट्रोलिंग टीमें लगातार गश्त कर निगरानी रखेंगी। कालिका पेट्रोलिंग और लेडी पेट्रोलिंग टीमें विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान देंगी। शराब पीकर उपद्रव करने, जबरन रंग लगाने या राहगीरों से अभद्रता करने और तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले हुड़दंगियों की शिकायत थाने को दी जाएगी। पुलिस शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिये निगरानी रखेगी। इन कैमरों की मॉनिटरिंग अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी, जहां एक विशेष फोर्स तैनात रहेगी। ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित थाने को दी जाएगी। संवेदनशील इलाकों में भी अतिरिक्त पुलिस बल लगाया है। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या आपत्तिजनक संदेश फैलाने वालों पर भी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई होगी। इसके लिए साइबर टीम को भी अलर्ट रखा गया है।


