फाग गीत के बहाने कांग्रेस का सरकार पर तंज:भूपेश बघेल समेत कांग्रेस नेताओं ने ‘7 करोड़ धान घोटाला’ पर गाया फाग

होली से पहले छत्तीसगढ़ की राजनीति में फाग गीत के जरिए नया रंग घुल गया है। प्रदेश कांग्रेस ने कथित 7 करोड़ रुपए के धान घोटाले को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए एक फाग गीत जारी किया है। गीत की पंक्तियां— “दे दे बुलउवा मुसवा को सांय-सांय, मुसवा बिन घोटाला नई होय… 7 करोड़ का धान घोटाला, दे दे बुलउवा विष्णु जी सांय-सांय”— के जरिए कांग्रेस ने तंज कसा है। इस फाग गीत में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ कांग्रेस के कई नेताओं और प्रवक्ताओं ने आवाज दी है। पार्टी ने इसे होली का सांस्कृतिक व्यंग्य बताया है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। क्या है 7 करोड़ का धान घोटाला? यह तंज कवर्धा में पिछले दिनों सामने आए धान घोटाले को लेकर है। जिले में कुल 108 धान खरीदी केंद्र हैं। इनमें कवर्धा ब्लॉक के बाजार चारभांठा और पंडरिया ब्लॉक के बघर्रा केंद्र में करीब 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई है। इसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 7 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जिला विपणन अधिकारी (DMO) अभिषेक मिश्रा ने पहले बयान दिया था कि धान की कमी चूहे, दीमक, कीड़े और मौसम की खराबी के कारण हो सकती है। हालांकि बघर्रा केंद्र में जांच जारी है और पूरी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। DMO निलंबित मामले को गंभीर मानते हुए छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ (मार्कफेड) ने DMO अभिषेक मिश्रा को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई वर्ष 2024-25 के धान संग्रहण कार्य से जुड़ी बताई गई है। मार्कफेड प्रबंधन का कहना है कि धान संग्रहण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में पारदर्शिता जरूरी है और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। सियासत गरम कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा है, जबकि सरकार की ओर से जांच जारी रहने की बात कही गई है। होली के मौके पर जारी यह फाग गीत अब राजनीतिक बहस का नया विषय बन गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *