अबोहर जिले के रुहेड़ियांवाली गांव में बीती रात एक घर में चोरी की वारदात हुई। घर में एक व्यक्ति के मौजूद होने के बावजूद चोर दीवार कूद अंदर आए और लाखों रुपए के सोने, चांदी व कैश पर हाथ साफ कर गए। जानकारी के अनुसार, रतन गोदारा का परिवार किसी काम से बाहर गया हुआ था, जबकि रतन गोदारा रात में घर पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर मकान की दीवार कूदकर अंदर घुस आए। उन्होंने अलमारी से करीब डेढ़ तोला सोना, 20 तोले चांदी और 50 हजार रुपए नकद चुरा लिए। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में रात्रि पुलिस गश्त की कमी पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि गश्त न होने के कारण चोरों को कोई डर नहीं रहा। पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही पीड़ित रतन गोदारा ने सदर पुलिस थाना अबोहर में मामले की शिकायत दर्ज कराई है। थाना इंचार्ज रविंद्र शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित लोगों के लिखित बयान दर्ज किए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों की पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग रतन गोदारा ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है। वहीं, गांववासियों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।


