लुधियाना के हैबोवाल इलाके में चंदर नगर निवासी एक व्यक्ति को अपनी पत्नी से मिलना उस समय भारी पड़ गया, जब उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घेरकर बेरहमी से पीट डाला। हमले में न केवल युवक को गंभीर चोटें आई हैं, बल्कि उसकी बलेनो कार को भी ईंट-पत्थरों और डंडों से चकनाचूर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी, सास और ससुर के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्या है पूरा मामला? शिकायतकर्ता मनप्रीत सिंह निवासी चंदर विहार ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी जीवनजोत कौर बीती 8 दिसंबर 2025 को बिना बताए घर से करीब 1.20 लाख रुपये की नकदी और सोने के गहने लेकर चली गई थी। इसके बाद वह अपने मायके भगत सिंह नगर में रह रही थी। मिलने के बहाने बुलाकर किया हमला मनप्रीत के अनुसार, 23 फरवरी 2026 को उसकी पत्नी का फोन आया। जब उसने वापस कॉल की, तो पत्नी ने उसे मिलने के लिए अपने मायके बुलाया। अपनी छोटी बच्ची से मिलने की चाहत में मनप्रीत अपनी सिल्वर रंग की बलेनो गाड़ी में सवार होकर ससुराल पहुँचा। जैसे ही वह गली में दाखिल हुआ, उसने देखा कि उसकी पत्नी जीवनजोत कौर, सास संतोष कुमारी और ससुर ईशर सिंह पहले से ही हाथों में डंडे लेकर गली में खड़े थे। गाड़ी घेरी और बरसाई ईंटें पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वह घर के पास पहुँचा, तीनों ने उसकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। आरोपियों ने अंधाधुंध डंडे बरसाने शुरू कर दिए और ईंट-पत्थरों से गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इस हमले में मनप्रीत को भी गंभीर चोटें आई हैं और उसका मोबाइल फोन भी टूट गया। पुलिसिया कार्रवाई पुलिस ने मनप्रीत के बयानों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 126(2), 324(4), 351(2) और 3(5) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि हमले के पीछे कोई पुरानी साजिश थी या नहीं।


