बलरामपुर में ऑनलाइन चालान प्रणाली शुरू:यातायात नियमों के उल्लंघन पर करना होगा डिजिटल पेमेंट, 3 थाना क्षेत्रों में प्रक्रिया की शुरुआत

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में यातायात नियमों के उल्लंघन पर अब ऑनलाइन चालान प्रणाली (ई-चालान) शुरू कर दी गई है। प्रथम चरण में जिले के तीन थाना क्षेत्र बलरामपुर, रामानुजगंज और वाड्रफनगर में औपचारिक रूप से ई-चालान प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसके बाद इसे पूरे जिला इकाई में लागू किया जाएगा। इस प्रणाली के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर मौके पर ही डिजिटल माध्यम से चालान जारी किया जाएगा। नागरिक इसका भुगतान नकद, ऑनलाइन (बारकोड या यूपीआई) और कार्ड के माध्यम से कर सकेंगे। यह व्यवस्था आम जनता के लिए चालान भुगतान में पारदर्शिता और सुविधा लाएगी। पेपरलेस चालान प्रक्रिया से आम लोगों के समय की बचत होगी और चालानी रिकॉर्ड का रखरखाव भी आसान होगा। ऑनलाइन चालान प्रणाली का मुख्य उद्देश्य दंड देना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। दोपहिया पर ट्रिपल सवारी से बचने की सलाह यातायात प्रभारी विमलेश देवांगन ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल सवारी न बैठाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने, बिना हेलमेट वाहन न चलाने और वाहन संबंधी सभी दस्तावेज हमेशा साथ रखने की सलाह दी है। साथ ही, नाबालिगों को किसी भी परिस्थिति में वाहन चलाने की अनुमति न देने की समझाइश भी दी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *