कोटपूतली-बहरोड़ जिले में होली के पावन पर्व को लेकर बाजार सज चुके हैं। इस बार हर्बल गुलाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों वाली पिचकारियों की विशेष मांग देखी जा रही है। 100 से 250 रुपए प्रति किलोग्राम का गुलाल बिक रहा गुलाल विक्रेता हीरालाल और मनोज टेलर ने बताया कि बाजार में 15 से अधिक रंगों की हर्बल गुलाल उपलब्ध है। इनकी कीमत 100 से 250 रुपए प्रति किलोग्राम तक है। ग्राहकों द्वारा पर्यावरण अनुकूल और केमिकल रहित हर्बल उत्पादों को प्राथमिकता दी जा रही है। बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की पिचकारियां भी बाजार में मौजूद हैं। इनमें डोरेमोन, हथौड़ा, सपेरे की बीन, पीठ पर टांकने वाले टैंक और इलेक्ट्रिक पिचकारियों के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरों वाली पिचकारियां खूब बिक रही हैं। हर्बल गुलाल और पिचकारियों की अच्छी मांग से विक्रेता भी उत्साहित हैं और उन्हें बेहतर बिक्री की उम्मीद है। होली के लिए खरीदारी करने आए युवाओं ने बताया कि वे पर्यावरण और स्वास्थ्य के अनुकूल होने के कारण हर्बल गुलाल को ही प्राथमिकता दे रहे हैं।


