धमतरी पुलिस ने 35 गुंडा-बदमाशों की परेड कराई:होली पर अशांति फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, कानून व्यवस्था बनाए रखने की शपथ दिलाई

धमतरी पुलिस ने आगामी होली पर्व को देखते हुए गुंडा-बदमाशों पर शिकंजा कसा है। पुलिस लाइन रूद्री में 35 निगरानी और गुंडा बदमाशों की विशेष परेड कराई गई, जहां उन्हें शांति बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। पुलिस ने चेतावनी दी है कि होली के दौरान अशांति फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान होली त्योहार को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से चलाया गया है। जिलेभर के समस्त थाना क्षेत्रों से 35 निगरानी, गुंडा और आदतन बदमाशों को पुलिस लाइन रूद्री में उपस्थित कराया गया। इस दौरान प्रत्येक बदमाश से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर कड़ी चेतावनी दी गई। अशांति फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी पुलिस ने स्पष्ट किया कि होली पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अशांति, मारपीट, चाकूबाजी, अड्डेबाजी, वसूली या अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हें समाज की मुख्यधारा में रहकर सकारात्मक जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया और शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की शपथ दिलाई गई। अपराधियों पर कड़ी निगरानी पुलिस ने यह भी बताया कि जिन बदमाशों का आचरण निरंतर संतोषजनक रहेगा, उन्हें माफी सूची में शामिल करने पर विचार किया जा सकता है। थाना क्षेत्रों में अशांति फैलाने वाले, चाकूबाजी करने वाले और अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं और माइनर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा। गुंडा-बदमाशों और असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी जिले के उभरते हुए गुंडा-बदमाशों, असामाजिक तत्वों, अड्डेबाजी करने वालों और लड़ाई-झगड़ा कर कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। ऐसे तत्वों की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था कायम रहे। समस्त थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों के संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों की पहचान करें। इन स्थानों पर निरंतर पेट्रोलिंग, फ्लैग मार्च और सघन चेकिंग अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जाए। कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी तत्व पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए सतत निगरानी बनाए रखने को कहा गया है, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *