धौलपुर के बसेड़ी थाना क्षेत्र के सलेमपुर-नोनेरा गांव के बीच स्थित एक कुएं में रविवार को एक अज्ञात युवक का शव मिला। ग्रामीणों ने सुबह कुएं में शव देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बसेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बसेड़ी की मोर्चरी में रखवा दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव लगभग एक दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी बालकृष्ण चौधरी ने बताया कि अज्ञात युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों और संबंधित थानों में सूचना भेजी गई है। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।


