पंजाब के गुरदासपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 52 वर्षीय बलविंदर कौर की मौत हो गई। यह दुर्घटना गुरदासपुर-डेरा बाबा नानक रोड पर गांव गजनिपुर के बाहर हुई। बताया जा रहा है कि बलविंदर कौर चोला साहिब में लंगर सेवा कर अपने गांव लौट रही थीं, तभी हादसा हुआ। परिवार के अनुसार, एक तेज रफ्तार सफेद कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला करीब 10 फुट हवा में उछलकर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। हालांकि, टक्कर की तीव्रता के चलते कार की आगे की नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गई, जिससे पुलिस को जांच में अहम सुराग मिला है। जोड़ाछत्रां चौकी पुलिस ने नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और चालक की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतका के परिजनों सतवंत सिंह, बलविंदर सिंह और गुरकीरत सिंह ने प्रशासन से लापरवाह चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।


