बरनाला जिले में पुलिस ने सड़क पर ट्रॉली खड़ी कर यातायात बाधित करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।बता दे कि यह घटना गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब के पास हुई, जहां एक ट्रॉली के कारण भारी जाम लग गया था। थाना सिटी-1 बरनाला के एसएचओ लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान दाना मंडी बरनाला से टी-पॉइंट बाजाखाना की ओर जा रही थी। बाजाखाना रोड स्थित गुरुद्वारा श्री रामसर साहिब के गेट के पास पहुंचने पर उन्हें भारी ट्रैफिक जाम मिला। जांच में पता चला कि पुल के पास सड़क के दाईं ओर भूसे से भरी एक बड़ी ट्रॉली खड़ी थी, जिसका हुक हटा दिया गया था। लोगों को आने जाने में हो रही थी परेशानी ट्रॉली को इस तरह खड़ा किया गया था कि इससे लोगों के आने-जाने में खतरा और बाधा उत्पन्न हो रही थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिंदरपाल सिंह निवासी उप्पल पत्ती शेहना के खिलाफ मामला दर्ज किया। जांच के दौरान उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात में बाधा डालने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


