राजनांदगांव में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और कॉमर्स के स्टूडेंट्स के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। द इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की भिलाई शाखा (CIRC) ने मठपारा स्थित सत्यम आयतन मार्केट के सेकेंड फ्लोर पर आधुनिक सीए रीडिंग रूम और एयर कंडीशंड कॉन्फ्रेंस हॉल का शुभारंभ किया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने पूजा-अर्चना के बाद इस केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। राजनांदगांव में इस तरह की आधुनिक सुविधा का शुरू होना शहर के बौद्धिक और व्यावसायिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया। ICAI के केंद्रीय परिषद सदस्य सीए पंकज शाह ने बताया कि यह केंद्र छात्रों और प्रोफेशनल्स के लिए कई सुविधाएं प्रदान करता है। इनमें पूर्णतः वातानुकूलित (AC) वातावरण, हाई-स्पीड वाई-फाई, प्रोजेक्टर, माइक सिस्टम और सेमिनार के लिए आधुनिक कॉन्फ्रेंस हॉल शामिल हैं। यहां एक शांतिपूर्ण अध्ययन केंद्र (रीडिंग रूम) भी उपलब्ध है। सम्मानित अतिथि सीए अभय छाजेड़ ने इस केंद्र को प्रोफेशनल उत्कृष्टता का केंद्र बताया। भिलाई शाखा के अध्यक्ष सीए राजेश कुमार बाफना ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि यह रीडिंग रूम राजनांदगांव के सीए समुदाय का एक साझा सपना था, जो अब साकार हुआ है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सकारात्मक और तकनीकी रूप से सुसज्जित माहौल प्रदान करना है। कार्यक्रम का संचालन और आभार प्रदर्शन सचिव सीए प्रभजीत सिंह जग्गी ने किया। इस अवसर पर शहर के लगभग 250 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, सीए छात्र, व्यवसायी और अधिवक्ता उपस्थित रहे।


