भास्कर न्यूज़ | बगोदर बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन और व्यापक जन-जागरूकता के लिए बनवासी विकास आश्रम द्वारा संचालित बाल विवाह मुक्ति रथ का शुभारंभ बगोदर प्रखंड कार्यालय परिसर से किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया। इस अवसर पर बगोदर सीओ प्रवीन कुमार, जिला परिषद सदस्य दुर्गेश कुमार, उप प्रमुख हरेंद्र सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे। सीओ ने कहा कि बाल विवाह समाज के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है और ऐसे जागरूकता अभियान बच्चों के अधिकार, कानून और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जिला परिषद सदस्य ने बाल विवाह को बच्चों के अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए समाज के सभी वर्गों से इसके खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उप प्रमुख ने कहा कि स्थायी बदलाव तभी संभव है जब समाज स्वयं जागरूक होगा। यह रथ गांव-गांव जाकर लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों से अवगत कराएगा और पंचायत स्तर पर भी सतत प्रयास किए जाएंगे। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद, पोस्टर अभियान, संवाद सत्र और सामुदायिक बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक, स्वास्थ्य और कानूनी प्रभावों पर जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए सहयोग का संकल्प लिया। बाल विवाह मुक्ति रथ केवल वाहन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और जागरूकता का प्रतीक है, जो पूरे जिले में सकारात्मक बदलाव की अलख जगाएगा।


