बठिंडा के जलेबी चौक के पास एक खाली पड़े खंडहर में एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। मृतक की पहचान लवजीत सिंह (35) पुत्र जसवंत सिंह, निवासी पुहली (बठिंडा) के रूप में हुई है। लवजीत सिंह पंजाब पुलिस विभाग से बर्खास्त था और उस पर लूटपाट के दो केस भी दर्ज थे। सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम को जलेबी चौक के पास एक टूटे हुए खंडहर में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। टीम के सदस्य राजेंद्र कुमार जग्गा मौके पर पहुंचे और उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी के अनुसार, मृतक लवजीत सिंह पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता था। उसके परिवार वाले उसे ढूंढ रहे थे और उन्होंने ही शव की शिनाख्त की। नशे की आदी था थाना सिविल लाइन के एसएचओ रविंदर सिंह ने बताया कि मृतक लवजीत सिंह को पंजाब पुलिस विभाग से बर्खास्त किया गया था। उस पर लूटपाट के दो केस भी दर्ज हैं। परिवार के अनुसार, लवजीत नशे का आदी था और उसके दोस्त उसे अपने साथ ले गए थे। मौत का कारण साफ नहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का पता चल पाएगा। शव को सिविल अस्पताल के मोर्च्युरी में रखवा दिया गया है।


