सलूंबर पुलिस थाने में आगामी होली, धुलंडी, रमजान और ईद त्योहारों को देखते हुए थाना परिसर में सीएलजी सदस्यों की एक बैठक आयोजित की गई। पुलिस उपाधीक्षक हेरम्भ जोशी ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और त्योहारों के शांतिपूर्ण आयोजन पर विस्तृत चर्चा हुई। सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील थानाधिकारी हेमन्त चौहान ने बैठक में उपस्थित सीएलजी सदस्यों, पुलिस मित्रों, ग्राम रक्षकों, यूथ सीएलजी प्रतिनिधियों, सरपंचों और समाज के गणमान्य व्यक्तियों से त्योहारों को आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक संदेश साझा करने से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया। शांति भंग करने पर कार्रवाई बैठक में यह भी तय किया गया कि होली और धुलंडी के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वाले किसी भी तत्व के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उपाधीक्षक जोशी ने कहा कि त्योहार खुशियों और मेल-मिलाप का प्रतीक होते हैं। उन्होंने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी समुदायों के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों और समाज के लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। अंत में, सभी उपस्थित लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।


