छत्तीसगढ़ के आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने अपना जन्मदिन जनपद पंचायत रामचंद्रपुर के ग्राम पंचायत महादेवपुर में पंडो समाज के बीच सादगी से मनाया। इस अवसर पर पंडो समाज ने उन्हें ‘जन दुलरुआ सम्मान’ से सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नेताम ने पंडो समाज के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने पंडो समाज भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपए और खेल मैदान के समतलीकरण के लिए 5 लाख रुपए देने का ऐलान किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने डिंडा, रामचंद्रपुर और रामानुजगंज में पंडो समाज के विद्यार्थियों के लिए बालक एवं बालिका छात्रावासों की स्वीकृति दिलाने की भी जानकारी दी। पंडो समाज के बीच जन्मदिन मनाना गर्व की बात अपने संबोधन में मंत्री नेताम ने कहा कि राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पंडो समाज के बीच जन्मदिन मनाना उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने समाज द्वारा दिए गए स्नेह, अपनेपन और आशीर्वाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए समाज के विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का संकल्प दोहराया। पंडो समाज ने मंत्री नेताम को बताया अपना आदर्श पंडो समाज के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष उदय पंडो ने मंत्री रामविचार नेताम को समाज के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि मंत्री नेताम हमेशा समाज के उत्थान के लिए तत्पर रहते हैं। उदय पंडो ने यह भी कहा कि आज से पंडो समाज उन्हें अपना आदर्श मानते हुए ‘जन दुलरुआ सम्मान’ से सम्मानित करता रहेगा। यह आयोजन पंडो जनजाति के साथ एकजुटता, सामाजिक समरसता और विकास के प्रति संकल्प का प्रतीक बना।


