अलवर जिले में बड़ौदामेव, लक्ष्मणगढ़ सहित आसपास ओलावृष्टि से बड़ा नुकसान हो गया। लक्ष्मणगढ़ व बड़ौदामेव के बावड़िका, दूसराहेड़ा, बड़का, निभेड़ा, ईमलाडी, मेलखेड़ी, मोकलहेडी, बड़ौदामेव, चिमनपुरा, ओर बांदका सहित एक दर्जन गांवों में भारी नुकसान हुआ है। तहसीलदार ममता कुमारी के खराबे के मौका मुआयना करने के बाद कहा कि कहीं 70 से 80 पर्सेंट नुकसान है। कुछ खेतों में तो पूरा खराबा हो गया। यहां तहसीलदार, बीमा कंपनी के कोऑर्डिनेटर व एग्रीकल्चर के सुपरवाइजर ने खेतों में खराबे का मौका देखा। लक्ष्मणगढ़ तहसीलदार ममता कुमारी ने कहा कि बड़ौदामेव में ओलावृष्टि से फसलों में बहुत अधिक नुकसान हुआ है। इसलिए हम बीका कंपनी के ब्लॉक कॉर्डिनेटर व एग्रीकल्चर सुपरवाइजर के साथ नुकसान का आकलन करने में लगे हैं। हमने देखा कि कई खेतों में पूरी फसल चौपट हो गई। बड़का पंचायत में सबसे अधिक नुकसान है। किसानों को बताया कि अपनी फसल से खराबे की शिकायत अगले 72 घंटे में करें। चाहे ट्रोल फ्री नंबर पर ऑनलाइन करें या मैनुअल कर सकते हैं। किसानों को राहत की उम्मीद ग्राम पंचायत सरपंच विश्राम मीणा ने कहा कि पूरी तरह फसल नष्ट हो गई। किसान मायूस हैं। सरकार से उम्मीद है कि पूरा मुआवजा मिले। ताकि किसान को राहत मिले। ओले गिरने के बाद किसान परिवारों के सपने चकनाचूर हो गए। किसी को बच्चों की फीस जमा करानी थी। किसी के परिवार में शादी या अन्य कार्यक्रम था। अब सब फीके पड़ गए हैं। अलवर के अलावा टपूकड़ा, कोटकासिम सहित अन्य क्षेत्रों में भी ओले गिरने से नुकसान हुआ है। इससे पहले जनवरी के महीने में भी अलवर में कई जगहों पर ओले गिरे थे।


