जयपुर में पहली बार कैंडल लाइट कॉन्सर्ट बाय फीवर का आयोजन किया जा रहा है। यह खास म्यूजिक इवेंट जवाहर कला केंद्र (JKK) में होगा, जहां हजारों मोमबत्तियों की रोशनी के बीच एआर. रहमान के मशहूर गीतों को क्लासिकल अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। इस अनोखे कॉन्सर्ट में कीबोर्ड, तबला और बांसुरी जैसे वाद्ययंत्रों की जुगलबंदी दर्शकों को एक नए संगीत अनुभव से रूबरू कराएगी। यह गाने बनाएंगे खास अनुभव कार्यक्रम में एआर रहमान के ‘घनन घनन’ – लगान, ‘इश्क बिना’ – ताल, ‘जिया जले’ – दिल से, ‘साथिया/पच्चाई निरामे’ – साथिया, ‘तू ही रे’ – बॉम्बे, ‘जश्न-ए-बहार’ – जोधा अकबर, ‘मसकली’ – दिल्ली 6, ‘अगर तुम साथ हो’ – तमाशा, ‘कुन फाया कुन’ – रॉकस्टार जैसे गाने सुनाई देंगे। हजारों जलती मोमबत्तियों के बीच लाइव म्यूजिक का अनोखा अनुभव मिलेगा। लाइव परफॉर्मेंस में एक्सपर्ट म्यूजिशियन पियानो, वायलिन, सेलो और अन्य वाद्ययंत्रों के साथ प्रस्तुति देंगे। यह कॉन्सर्ट सीरीज न्यूयॉर्क, लंदन, पेरिस, टोक्यो, सिडनी, मुंबई, दिल्ली समेत सैकड़ों शहरों में हो चुकी है। जयपुर में संगीत प्रेमियों के लिए यह एक अनोखा अनुभव होगा। जहां एआर रहमान के शानदार गानों को क्लासिकल म्यूजिक के जरिए पेश किया जाएगा। इस इवेंट के जरिए दर्शक भारतीय सिनेमा म्यूजिक को एक नए अंदाज में सुन सकेंगे। कैंडल लाइट कॉन्सर्ट बाय फीवर एक खास म्यूजिक कॉन्सर्ट सीरीज है, जो दुनिया भर के खूबसूरत वेन्यूज पर हजारों जलती हुई मोमबत्तियों के बीच लाइव परफॉर्मेंस प्रस्तुत करता है। यह कॉन्सर्ट सीरीज क्लासिकल, जैज, पॉप, रॉक और सिनेमा म्यूजिक को एक अनोखे माहौल में पेश करने के लिए जानी जाती है।


