झालावाड़ की थोक मंडी में टमाटर के दाम रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गए हैं। कुछ दिन पहले तक 50 से 100 रुपए किलो में बिकने वाला टमाटर अब मात्र 1 रुपए किलो में बिक रहा है। किसानों को टमाटर की तुड़ाई और परिवहन की लागत भी वसूल नहीं हो पा रही है। शनिवार को थोक मंडी में खरीदार नहीं मिलने पर किसानों ने टमाटर से भरी गाड़ियां श्री कृष्ण गौशाला में दान कर दीं। किसान रामलाल के मुताबिक, मंडी में टमाटर की मांग पूरी तरह समाप्त हो गई है। कई किसानों ने टमाटर को खेतों में ही छोड़ दिया है। पिछले 8-10 वर्षों में ऐसी स्थिति पहली बार देखने को मिली है। कुछ महीने पहले टमाटर 400 रुपए प्रति किलो तक बिका था। बाद में यह 20-30 रुपए प्रति किलो तक आया। अब इसकी कीमत 1 रुपए प्रति किलो तक गिर गई है। गृहिणी अनिता ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले 30 रुपए किलो में टमाटर खरीदे थे। टमाटर का सब्जियों और सलाद में अधिक उपयोग होता है। दामों में गिरावट से जहां आम लोगों को राहत मिली है, वहीं किसान चिंतित हैं।


