टीकमगढ़ जिले की चंद्रपुरा ग्राम पंचायत में बच्चों की शिक्षा के लिए चलती-फिरती पाठशाला की शुरुआत की गई है। यह पंचायत बलदेवगढ़ जनपद में आती है। महिला सरपंच विदेह पाठक ने अपनी बेटी वैष्णवी के सुझाव पर यह नवाचार शुरू किया है। गांव की दीवारों पर पेंटिंग और वॉल आर्ट के माध्यम से बच्चों को शिक्षा दी जा रही है। स्कूल, पंचायत और सामुदायिक भवन की दीवारों का इस्तेमाल किया गया है। पंचायत सचिव रामदयाल यादव के अनुसार, गांव शिक्षा के क्षेत्र में पिछड़ा हुआ है। सरकारी स्कूलों का स्तर सुधारने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। सरपंच पति संजीव पाठक ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पिछड़ी बस्तियों और सड़क किनारे रहने वाले बच्चों को रचनात्मक तरीके से शिक्षित करना है। दीवारों पर बने चित्र और संदेश न केवल बच्चों को, बल्कि बड़ों को भी प्रेरित कर रहे हैं। स्थानीय कलाकार रवि अहिरवार को इस चलती-फिरती पाठशाला को तैयार करने का जिम्मा सौंपा गया है। इस पहल के सकारात्मक परिणाम पहले ही दिखने लगे हैं। यह प्रयास शिक्षा का महत्व बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


