मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा रविवार को डूंगरपुर जिले के दौरे पर रहे। मुख्यमंत्री विशेष हेलिकॉप्टर से खेरमाल गांव में पहुंचे। स्वयं भू श्री जांबूखंड भैरव जी मंदिर में दर्शन, पूजा अर्चना ओर यज्ञ कुंड में आहुतियां दी। उन्होंने राजस्थान के विकास ओर टीएसपी क्षेत्र की योजनाओं का जिक्र करते हुए विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं को भटकाने वाले कभी कामयाब नहीं होंगे। सरकार आने वे समय में एक लाख नई भर्तियां करेगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा अपने तय कार्यक्रम से 3 घंटे देरी से डूंगरपुर के खेरमाल गांव पहुंचे। खेरमाल गांव में स्वयं भू श्री जांबुखंड भैरवजी मंदिर की तलहटी में बनाए गए विशेष हेलीपेड पर पहुंचे। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पटेल रणोली, पूर्व जिलाध्यक्ष ओर आयोजक वेलजी पटेल समेत कई कार्यकर्ताओं ने हेलीपेड पर स्वागत किया। इसके बाद मुख्यमंत्री काफिले के साथ पहाड़ी पर स्थित स्वयं भू श्री जांबुखंड भैरव जी मंदिर पहुंचे। यज्ञ कुंड में आहुतियां दी मुख्यमंत्री ने मंदिर में दर्शन, पूजा अर्चना ओर आरती की। जीर्णोद्धार महोत्सव को लेकर यज्ञ कुंड में आहुतियां दी। इसके बाद मुख्यमंत्री तलहटी में स्थित पांडाल पहुंचे। बेणेश्वर धाम के पीठाधीश्वर महंत अच्युतानंद महाराज, टीएडी मंत्री बाबूलाल खराड़ी, निंबाहेड़ा से विधायक श्रीचंद कृपलानी, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत समेत कई विधायक मंच पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री को श्री भैरवजी मंदिर की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं, पाटीदार समाज की ओर से किसानों के खेतीबाड़ी का प्रतीक हल भेंट किया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि बेणेश्वर धाम, त्रिपुरा सुंदरी माता, भैरव जी बाबा को नमन करते हुए कहा कि अभी माता त्रिपुरा सुंदरी के दर्शन कर भैरवजी बाबा के दरबार में आया हूं। ये पवित्र राजस्थान के वागड़ की धरती है। प्रदेश के विकास के साथ ही इसकी विरासत और संस्कृति को संजोए रखना आवश्यक है। पीएम मोदी के धार्मिक स्थलों को विकसित करने की योजना के बारे में बताते हुए कहा कि अयोध्या, उज्जैन, काशी विश्वनाथ समेत कई धार्मिक स्थलों का विकास सरकार ने किया है। धार्मिक टूरिज्म को बढ़ावा मुख्यमंत्री ने बजट घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि बजट में वागड़ के धार्मिक टूरिज्म को विकसित करने की सौगात दी है। इसके तहत बांसवाड़ा का त्रिपुरा सुंदरी मंदिर, डूंगरपुर का बेणेश्वर धाम, प्रतापगढ़ का गोतमेश्वर धाम, उदयपुर का ऋषभदेव, सीतामाता अभयारण्य को टूरिज्म सर्किट से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इससे टीएसपी क्षेत्र का विकास होगा। मंदिरों के उत्थान के लिए करोड़ों का बजट दिया। पुजारियों का मानदेय बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने कहा आदिवासियों की संस्कृति के संरक्षण के लिए सरकार काम कर रही है। आदिवासी महापुरुषों बांसवाड़ा में बांसिया भील, डूंगरपुर में डूंगर बरडा की मूर्ति लगाई जाएगी। आदिवासी छात्रों की पढ़ाई और रहने के लिए आवासीय हॉस्टल, एकलव्य स्कूल खोले जा रहे है। एक लाख नई भर्तियां उन्होंने बीएपी का नाम लिए बिना कहा कि जो लोग यहां के युवाओं को भटकाने का काम कर रहे है वे कभी कामयाब नहीं होंगे। सरकार आने वाले समय में एक लाख नई भर्तियां कर रही है। उन्होंने कहा कि कल रिट का पेपर हुआ, लेकिन सुना कि कहीं पेपर आउट हुआ हो या फिर लीक हुआ हो। पिछली सरकार में कितने पेपर आउट होते थे। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ, लेकिन भाजपा की सरकार युवाओं के सारे सपनों को पूरा करेगी। लोगों से जो वादे किए है उन सभी को पूरा किया जाएगा।


