डूंगरपुर पुलिस ने आगामी होली के त्योहार को देखते हुए शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। रविवार को वरदा थाना पुलिस ने कस्बे और आंतरी क्षेत्र में हुड़दंग मचाने वाले और स्टंटबाजों पर नकेल कसते हुए कुल 40 पावर बाइक्स जब्त कीं। वरदा थाने के थानाधिकारी मोहम्मद रिजवान खान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार ने होली के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और पावर बाइक्स से स्टंटबाजी कर आमजन की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ अभियान चलाया गया। पुलिस की विभिन्न टीमों ने वरदा और आंतरी कस्बों में शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने और सड़कों पर खतरनाक स्टंटबाजी करने वाले बाइकर्स के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान 40 पावर बाइक्स जब्त की गईं। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान सार्वजनिक सड़कों पर हुड़दंग करने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।


