पाक तस्करों ने खाजूवाला बॉर्डर के पास रावला थाना क्षेत्र के 5बीडी में ड्रोन से 1.15 किग्रा हेरोइन गिराई जिसे बीएसएफ और पुलिस ने जब्त कर लिया है। हेरोइन की कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जा रही है, जहां हेरोइन गिराई गई वह वन विभाग की बंजर जमीन है और उससे करीब 800 मी. की दूरी पर ईंट-भट्टा है जिसकी चिमनी चालू है। बीएसएफ और खाजूवाला थाना पुलिस की संयुक्त गश्त में 5बीडी में दो पैकेट नजर आए। एरिया श्रीगंगानगर का होने पर रावला थाना पुलिस को मौके पर बुला लिया गया, जिसने हेरोइन सीजर की कार्यवाही की। बॉर्डर पर पाक तस्करों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। वे लगातार सीमा पार से ड्रोन के जरिये हेरोइन की तस्करी कर रहे हैं। दो पहले ही चाइना निर्मित 5 पिस्टल और 325 कारतूस ड्रोन सहित खाजूवाला के 24केएनडी में बरामद किए गए थे। ड्रोन को तकनीकी विश्लेषण के लिए दिल्ली भेजा गया है। खाजूवाला के 24केएनडी में मिले हथियार और रावला के 5बीडी में मिली हेरोइन का आपस में कनेक्शन माना जा रहा है। एजेंसियां इसकी छानबीन में लगी हैं। बीएसएफ जी ब्रांच के महेशचन्द्र जाट सीओ खाजूवाला अमरजीत चावला 5बीडी पहुंचे और हेरोइन तस्करी की जानकारी ली। बॉर्डर पर हथियार और हेरोइन मिलने के स्थान की दूरी केवल 3.5 किमी : खाजूवाला में नहर किनारे 24केएनडी में 26 फरवरी को चीन निर्मित 5 आधुनिक पिस्टल और 325 कारतूस मिले, उससे केवल 3.5 किमी की दूरी पर रावला के 5बीडी में 1.15 किग्रा हेरोइन के दो पैकेट मिले हैं। माना जा रहा है कि दोनों जगहों का कनेक्शन है और पाक तस्करों ने एक ही ड्रोन से हेरोइन और हथियार भेजे थे। पहले हेरोइन के पैकेट गिराए गए और उसके बाद तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन हथियार सहित खाजूवाला में गिर गया। सुरक्षा एजेंसियां इस एंगल पर जांच-पड़ताल करने में जुटी हैं। हथियार तस्करी की जांच कर रही सीओ सदर आईपीएस अनुष्ठा कालिया और खाजूवाला पुलिस थाने के एसएसचओ प्रशिक्षु आरपीएस रोहित चौधरी मौके पर 5बीडी पहुंचे हैं।


