मानव पैपिलोमा की रोकथाम के लिए टीकाकरण

भास्कर न्यूज| रायगड़ा जिला मुख्य चिकित्सालय रायगड़ा में रविवार को मानव पैपिलोमा विषाणु संक्रमण की रोकथाम के लिए टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद सप्तगिरि शंकर उलाकाने किया। इस अवसर पर रायगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक काद्रका अप्पला स्वामी सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे। प्रधानमंत्री के इस महत्वाकांक्षी अभियान के अंतर्गत ओडिशा राज्य में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लगभग 3.36 लाख बालिकाओं का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए 3 माह की समयसीमा निर्धारित की गई है। इस अभियान के तहत रायगड़ा जिले की 7,587 बालिकाएं लाभान्वित होंगी। प्रथम चरण में यह टीका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उपखंड चिकित्सालय एवं जिला मुख्य चिकित्सालयों में उपलब्ध कराया जाएगा। द्वितीय माह से इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक विस्तारित किया जाएगा। यह टीका पूर्णतः निशुल्क प्रदान किया जाएगा। बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से यह टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम के लिए इस टीके का बाजार मूल्य लगभग 4,000 रुपये है, किंतु इसे सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसे एक स्वागतयोग्य कदम बताते हुए सांसद ने कहा कि इस टीकाकरण के संबंध में गांव से लेकर शहरी क्षेत्रों तक व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना आवश्यक है। 28 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अजमेर, राजस्थान से देशव्यापी मानव पैपिलोमा विषाणु टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। वहीं मोहन चरण माझी, मुख्यमंत्री ओडिशा ने राज्यव्यापी टीकाकरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया है। इस मौके पर मुख्य जिला चिकित्सा व जनस्वास्थ्य अधिकारी सरोजिनी देवी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सालय के अधीक्षक पी के मिश्रा, अतिरिक्त जिला जनस्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण) किशोर कुमार बाराई, जिला शिक्षा अधिकारी राम चरण नाहक और महिला एवं बाल विकास विभाग के कर्मचारी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *