भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जशपुरनगर में सामुदायिक सशक्तिकरण और डिजिटल सुरक्षा को नई दिशा देते हुए युवा शक्ति संगम कार्यक्रम हुआ। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, यूनिसेफ और स्वयंसेवी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से 90 स्वयंसेवकों को बाल संरक्षण, डिजिटल सुरक्षा और सामुदायिक विकास के लिए साइबर योद्धा के रूप में तैयार किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसएसपी लाल उमेद सिंह और जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार मौजूद रहे। जिला समन्वयक शालिनी गुप्ता ने युवाओं को वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बनाने और समाज में सकारात्मक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करने के लिए प्रेरित किया। सीईओ अभिषेक कुमार ने स्वयंसेवकों के जज्बे को सराहा और कहा कि युवाओं की शक्ति सामाजिक कुरीतियों और डिजिटल खतरों से लड़ने में प्रभावी हो सकती है। एसएसपी लाल उमेद सिंह ने बढ़ते साइबर अपराधों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, फर्जी आरटीओ चालान, संदिग्ध एपीके फाइल और अज्ञात वीडियो कॉल जैसे खतरों से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ठग सोशल मीडिया पर लोगों की भावनाओं का फायदा उठाते हैं और महिलाओं को निशाना बनाने के लिए मनोवैज्ञानिक जाल रचते हैं। एआई-जनित मॉर्फ्ड तस्वीरों के दौर में जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। यूनिसेफ की बाल संरक्षण अधिकारी चेतना देसाई ने ‘क्लिक सेफ’ और ‘साइबर योद्धा’ पहल की जानकारी दी और युवाओं से वास्तविक जीवन में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संवाद और स्नेह की कमी बच्चों को ऑनलाइन लाइक्स और फॉलोअर्स की खोज में जोखिमों की ओर धकेल देती है।


