फाजिल्का | युद्ध नशे विरुद्ध मुहिम के तहत नशा मुक्ति केंद्रों में अपनी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नशा छुड़ाऊ कर्मचारी यूनियन जिला फाजिल्का के प्रधान सुरेंद्र कुमार (परामर्शदाता, सरकारी नशा छुड़ाऊ केंद्र, सिविल अस्पताल फाजिल्का) ने घोषणा की है कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर 5 मार्च को चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय विशाल हड़ताल और रोष प्रदर्शन किया जाएगा। जिला प्रधान सुरेंद्र कुमार ने बताया कि नशा छुड़ाऊ केंद्रों के कर्मचारी राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए दिन-रात अग्रिम पंक्ति में रहकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार एक तरफ नशा खत्म करने के बड़े दावे करती है, लेकिन इस मुहिम की मुख्य कड़ी माने जाने वाले कर्मचारियों की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि पहले भी कई बार सरकार के साथ बैठकें हुई हैं, लेकिन हर बार नतीजा शून्य ही रहा है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि जब तक सरकार उनकी मांगों को आधिकारिक तौर पर स्वीकार नहीं कर लेती, तब तक यह संघर्ष थमने वाला नहीं है। 5 मार्च को होने वाली इस हड़ताल में फाजिल्का जिले के सभी नशा छुड़ाऊ केंद्रों के कर्मचारी भारी संख्या में चंडीगढ़ पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि उनकी अनदेखी भविष्य में सरकार के नशा विरोधी अभियान पर भारी पड़ सकती है।


