सिटी रिपोर्टर | बोकारो रविवार को सिटी पार्क में सम्पूर्ण विप्र समाज का स्थापना दिवस सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। संपूर्ण विप्र समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद प्रो. यदुनाथ पांडेय, रवींद्र पांडेय सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। समारोह का प्रारंभ जिलाध्यक्ष विष्णु शंकर मिश्र ने भगवान परशुराम की पूजा के बाद अतिथियों व संस्था के पदाधिकारियों द्वारा भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन के बाद दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। जिलाध्यक्ष विष्णु शंकर मिश्र ने स्वागत भाषण में संस्था की गतिविधियों व भावी कार्ययोजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संगठन समाज के लिए है। संस्था द्वारा समाज उत्थान हेतु कार्य किए जा रहे हैं। सनातन धर्म की रक्षा हेतु ब्राह्मणत्व को बचाए रखना जरूरी है। उन्होंने संगठन को आगे बढ़ाने के लिए एकजुटता व समाज से यथासंभव सहयोग करने की अपील की। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय ने समाज की एकजुटता पर बल देते हुए सभी से समाज के लोगों के लिए सहयोग की भावना रखने की बात कही। ब्राह्मणत्व के महत्व को बताते हुए उन्होंने कहा कि ब्राह्मण के संपर्क में आए तो मर्यादा पुरुषोत्तम बन गए। हम अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाने वाले हैं। पूर्व सांसद रवीन्द्र पांडेय ने समाज को जागरूक होने की अपील की। संरक्षक पीएन पांडेय ने कहा कि समाज की एकजुटता देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए समाज के उत्थान की बात की। इस अवसर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में संपूर्ण विप्र समाज, बोकारो जिला के सचिव व प्रसिद्ध गायक अरुण पाठक ने होली गीत बिरज में होली खेलत नंदलाल… की सुमधुर प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। गायक संतलाल मिश्रा, ब्रज भूषण त्रिपाठी, अरविंद त्रिपाठी, अंगद ओझा,कृष्णा तिवारी, वीरेन्द्र पांडेय, पं चंदन शास्त्री व अन्य कलाकारों ने भजन व होली गीतों की सुंदर प्रस्तुति से सभी को आनंदित किया। कार्यक्रम में नाल पर वीरेन्द्र पांडेय, की बोर्ड पर पंकज मिश्रा, आक्टोपैड पर देवेश त्रिपाठी ने संगति की। सांस्कृतिक कार्यक्रम विनय कुमार मिश्र के संयोजन में हुआ। कार्यक्रम कार्यक्रम का संचालन विप्र समाज के जिला महासचिव श्रवण कुमार झा ने किया। समारोह में मृणाल चौबे, दिवाकर दुबे, अजय चौबे, कुंज बिहारी पाठक, कुमार रवि चौबे, बिमलेश पाण्डेय, शैलेन्द्र कुमार तिवारी, डॉ. अशोक पांडेय, अमरेन्द्र कुमार झा, डॉ. पंकज शर्मा आदि शामिल थे।


