सिटी रिपोर्टर | बोकारो मैथिली कला मंच, काली पूजा ट्रस्ट की ओर से सेक्टर-2डी स्थित श्यामा माई मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा वृष्टि सह होली महोत्सव का समापन रविवार को फगुआ मिलन के साथ हुआ। वृंदावन से पहुंचे कथावाचक पंडित गोपाल कृष्ण शास्त्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं पर फूलों और अबीर-गुलाल की बारिश कर भक्तिमय वातावरण में आनंद का रस घोल दिया।कथा-विश्राम के बाद देर तक होली उत्सव का आनंद लोगों ने लिया। श्रद्धालुओं ने भी एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। पं. गोपाल शास्त्री ने कहा कि होली जीवन में हर तरह के रंगों को दर्शाने वाला त्यौहार है। यह सभी रसों से युक्त जीवन-निर्माण के साथ-साथ समाज में सद्भाव, सौहार्द, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश देता है। इस क्रम में पं. गोपाल के साथ वृंदावन से आई भजन मंडली और कलाकारों की टोली ने ब्रज में कृष्ण और राधा की होली की मनभावन झांकी भी प्रस्तुत की। मौके पर अध्यक्ष कृष्ण चन्द्र झा, महामंत्री सुनील मोहन ठाकुर, यज्ञाचार्य पंडित राहुल शर्मा, मुख्य यजमान सुशीला मिश्र, कौशलेंद्र मिश्र, सतीश चंद्र मिश्र, कैलाश मिश्र, अरुण ठाकुर, प्रमिला देवी, किरण मिश्र, गोविंद झा आदि थे।


