भास्कर न्यूज | गिरिडीह सदर प्रखंड के पपरवाटांड़ स्थित दलित टोला में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। जिला समाहरणालय के नजदीक बसे इस टोले के लगभग 50 घरों के लोग स्वच्छ पानी के लिए गंभीर परेशानी झेल रहे हैं। हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर बंद और जर्जर पड़ी भूमिगत खदान से पानी लाने को विवश हैं। रविवार को पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के जिला संयोजक ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक से जुड़े राजेश यादव ने रविवार को क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उनके साथ सामाजिक कार्यकर्ता कन्हैया सिंह भी मौजूद थे। राजेश यादव ने बताया कि लगातार शिकायत और आवाज उठाए जाने के बावजूद अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे चानक से जो पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, वह पीने और भोजन बनाने योग्य नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता खराब होने के कारण उसका उपयोग दैनिक जरूरतों के लिए भी मुश्किल हो रहा है।यह अत्यंत गंभीर और संवेदनशील मामला है। प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए। यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे पीड़ित परिवारों के साथ मिलकर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मौके पर चिंता देवी, उर्मिला देवी, पुरनी देवी, रामेश्वर तुरी, गणेश दास सहित कई स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब शुद्ध पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि उन्हें जान जोखिम में डालकर पानी लाने की मजबूरी से मुक्ति मिल सके।


