लेकसिटी में होली सेलिब्रेशन के लिए देशभर से पर्यटक पहुंच चुके हैं। वीकेंड पर सभी प्रमुख पर्यटन स्थल खुले रहे, लेकिन होलिका दहन और धुलंडी पर कई स्थलों के समय में बदलाव किया गया है। कुछ पर्यटन स्थल बंद रहेंगे, जबकि कुछ को आंशिक समय के लिए खोला जाएगा।पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के तहत संचालित बागोर की हवेली और शिल्पग्राम होलिका दहन के दिन सोमवार को पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे। हालांकि धुलंडी पर मंगलवार को दोनों स्थल बंद रहेंगे। इसी तरह सहेलियों की बाड़ी सोमवार को खुली रहेगी, लेकिन धुलंडी के दिन यहां प्रवेश नहीं मिलेगा। सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य स्थित सज्जनगढ़ किला, बायो पार्क और लायन सफारी उदयपुर होलिका दहन पर खुले रहेंगे, जबकि धुलंडी के दिन तीनों स्थल बंद रखे जाएंगे। धुलंडी पर दोपहर बाद खुलेंगे ये स्थल
धुलंडी के दिन कुछ पर्यटन स्थलों को आंशिक रूप से खोला जाएगा। फिश एक्वेरियम और करनी माता रोपवे सोमवार को सामान्य समय पर संचालित रहेंगे। धुलंडी पर दोनों स्थल दोपहर 2 बजे से पर्यटकों के लिए खोले जाएंगे। सामान्य दिनों में रोपवे सुबह 9 से रात 8 बजे तक और एक्वेरियम सुबह 8 से रात 11 बजे तक खुला रहता है। वहीं वन विभाग के अधीन चीरवा स्थित मेवाड़ जैव विविधता पार्क, फूलों की घाटी और पुरोहितों का तालाब होलिका दहन और धुलंडी दोनों दिन पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। प्रशासन ने पर्यटकों से यात्रा से पहले संबंधित स्थलों के समय की पुष्टि करने की अपील की है। आज शाम 5 बजे से और कल सुबह 8 से जगदीश चौक में वाहनों की नो एंट्री शहर के जगदीश चौक पर होलिका दहन 2 और धुलंडी 3 मार्च को खेली जाएगी। ऐसे में यहां हजारों पर्यटक और शहरवासी उमड़ेंगे। इसको लेकर पुलिस ने सोमवार-मंगलवार को जगदीश चौक तक जाने वाले मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। आपातकालीन सेवाओं के लिए यह व्यवस्था लागू नहीं होगी। एएसपी उमेश ओझा ने बताया कि जगदीश चौक में सोमवार रात 10:30 बजे होलिका दहन होगी। इससे पहले सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसको लेकर शाम 5 बजे से कार्यक्रम खत्म होने तक जगदीश चौक जाने वाले सभी मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रंगनिवास चौकी, गड़िया देवरा और घंटाघर थाने के यहां बेरिकेड्स लगाए जाएंगे। यहां से आगे वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। पुलिसकर्मी तैनात रहकर व्यवस्था संभालेंगे। कार्यक्रम में आने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग घंटाघर चौक, गड़िया देवरा रोड किनारे और रंगनिवास के पास निगम की पार्किंग में रहेगी। शहर से चांदपोल जाने के लिए वाहन सिलावटवाड़ी, अंबावगढ़ होकर आ-जा सकेंगे। धुलंडी पर भी बदली रहेगी व्यवस्था होली के दूसरे दिन रंगोत्सव खेलने के लिए सुबह से लोगों की भारी भीड़ जगदीश चौक पहुंचेगी। ऐसे में सुबह 8 से दोपहर 4 बजे तक जगदीश चौक तक सभी तरह के वाहनों की एंट्री बंद रहेगी। गड़िया देवरा, घंटाघर थाना और आसींद हवेली के यहां बेरिकेड्स लगाकर वाहनों को रोका जाएगा। इसी जगह पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।


