लालसोट क्षेत्र के झांपदा में ग्रामीणों ने खनन विभाग के कार्मिकों पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर विधायक रामविलास मीणा मौके पर पहुंचे। यह प्रदर्शन झांपदा थाना अंतर्गत श्यामपुरा कला बालाजी मंदिर के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीणों द्वारा किया गया। इस दौरान तहसीलदार सीमा गुनावत, थाना अधिकारी कमलेश मीणा और माइनिंग विभाग के कार्मिक भी मौजूद रहे। समस्याएं सुनकर चेक पोस्ट हटाने के निर्देश दिए विधायक रामविलास मीणा ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने तुरंत दौसा खनिज विभाग के अभियंता से फोन पर बात कर चेक पोस्ट को हटाने का निर्देश दिया। इसके बाद खनन विभाग ने झांपदा में लगी चेक पोस्ट को तत्काल प्रभाव से हटाने के आदेश जारी कर दिए। इस अवसर पर विधायक रामविलास मीणा ने कहा कि लालसोट विधानसभा क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध वसूली पर पूर्ण प्रतिबंध है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कहीं भी किसी विभाग द्वारा अवैध वसूली की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं-विधायक विधायक ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण अपने मकान बनाने के लिए खान से पत्थर ले जाते हैं, लेकिन माइनिंग विभाग चेक पोस्ट लगाकर अवैध वसूली कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मीणा ने खनिज विभाग के कार्मिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा, “किसी भी ट्रैक्टर वाले को परेशान किया तो मैं इलाज कर दूंगा।”


