मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापना का प्रस्ताव संबंधित प्रभाग को भेजा

भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा होली पर्व पर भीलवाड़ा के लिए औद्योगिक क्षेत्र से जुड़ी बड़ी सकारात्मक खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की मेगा टेक्सटाइल पार्क योजना के तहत भीलवाड़ा में पार्क की स्थापना को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। केंद्रीय बजट (1 फरवरी) में मेगा टेक्सटाइल पार्क की घोषणा के बाद सांसद दामोदर अग्रवाल ने 3 फरवरी को ही प्रधानमंत्री, केंद्रीय कपड़ा मंत्री और मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर भीलवाड़ा में पार्क स्थापित करने की मांग को फिर से मजबूती से रखा। इसके मामले में 11 फरवरी को केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरीराज सिंह ने जानकारी दी कि भीलवाड़ा में मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापना का प्रस्ताव आगे की कार्यवाही के लिए संबंधित विभाग को भेज दिया गया है। इससे उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही भीलवाड़ा को इस संबंध में सकारात्मक सूचना प्राप्त होगी। भीलवाड़ा टेक्सटाइल ट्रेड फेडरेशन के महासचिव प्रेम गर्ग के अनुसार, सांसद एवं फेडरेशन अध्यक्ष दामोदर अग्रवाल लंबे समय से इस प्रयास में लगे हुए हैं। पूर्व राज्य सरकार के निर्णय के चलते भीलवाड़ा का प्रस्ताव केंद्र को समय पर नहीं भेजा जा सका था। उस समय अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली सरकार ने जोधपुर का प्रस्ताव भेजा, जिसे केंद्र सरकार ने अस्वीकार कर दिया था, जबकि अन्य राज्यों को टेक्सटाइल पार्क आवंटित कर दिए गए। बताया गया कि केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह को 15 अप्रैल 2025 को भीलवाड़ा आमंत्रित कर यहां की वस्त्र औद्योगिक क्षमता से अवगत कराया। भीलवाड़ा को उसका अधिकार दिलाने का आग्रह किया। मंत्री ने भी इस दिशा में सकारात्मक आश्वासन दिया था। विदित है कि भीलवाड़ा देश में प्रमुख वस्त्र उद्योग केंद्र के रूप में पहचान रखता है। यदि यहां मेगा टेक्सटाइल पार्क स्थापित होता है, तो इससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निर्यात वृद्धि को नई गति मिल सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *