सवाई माधोपुर नगर परिषद को एक बार फिर से नया सभापति मिला है। बुधवार को वार्ड नंबर 23 की पार्षद मेघा वर्मा ने कार्यवाहक सभापति का कार्यभार संभाला। उल्लेखनीय है कि तत्कालीन सभापति विमल महावर रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार हो गए थे। जिसके बाद यहां एक के बाद एक सभापति अल्प समय के लिए नियुक्त हुए। फिलहाल 6 माह के लिए वार्ड नंबर 14 के पार्षद सुनील कुमार तिलकर को कार्यवाहक सभापति का कार्यभार पूरा कर चुके थे।
तिलकर का कार्यकाल समाप्त होने पर सोमवार शाम को राजस्थान लोकल बॉडी डायरेक्टर कुमार पाल गौतम ने आदेश जारी मेघा वर्मा वार्ड नंबर 23 को कार्यवाहक सभापति नियुक्त किया था। पूजा अर्चना के बाद संभाला कार्यभार
बुधवार दोपहर मेघा वर्मा ने परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में कार्यभार ग्रहण किया। सभापति वर्मा ने कार्यभार ग्रहण करने से पहले विधिवत पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित करने की वे पुरजोर कोशिश करेंगे। साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी नगर परिषद क्षेत्र को समृद्ध बनाने का भरसक प्रयास अमल में लाएंगे।
इस मौके पर विभिन्न वार्ड पार्षदों और भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामना देते हुए फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सभापति कार्यालय में विधिवत रूप से आयुक्त पंकज मीणा ने कार्यभार ग्रहण करवाने की समस्त औपचारिकताओं को अंजाम दिया गया।


