कामठी-भेड़ागढ़ पीएम सड़क खराब होने से परेशानी बढ़ी, निर्माण की मांग

भास्कर न्यूज|पोलमी ग्राम कामठी से ग्राम भेड़ागढ़ तक जाने वाले प्रधानमंत्री सड़क खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं। कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ गया है। इससे रोजाना आवागमन करने वाले ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह मार्ग कामठी से भेड़ागढ़ तक मुख्य संपर्क सड़क है, जिससे आसपास के कई गांव जुड़े हुए हैं। बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और शासकीय कार्यालय तक पहुंचने के लिए लोग इसी सड़क पर निर्भर हैं। लेकिन, वर्तमान स्थिति में सड़क पर चलना जोखिम भरा हो गया है। दोपहिया वाहन चालक को संतुलन बनाए रखने में कठिनाई होती है,वहीं चारपहिया वाहन चालकों को भी गड्ढों से बचते हुए धीमी गति से चलना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अभी गर्मी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुई है, इसके बावजूद सड़क की हालत इतनी खराब है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। बारिश के मौसम में ये गड्ढे पानी से भर जाएंगे, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका और बढ़ सकती है। कंक्रीट व मिट्टी बाहर आ गई, हादसे की आशंका ग्रामीणों ने बताया कि कई स्थान पर डामर की परत उखड़ जाने से कंक्रीट और मिट्टी बाहर आ गई है। इससे सड़क ऊबड़-खाबड़ हो गई है। धूल भी अधिक उड़ रही है, जिससे राहगीरों को असुविधा हो रही है। क्षेत्र के लोगों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि कामठी से भेड़ागढ़ तक सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। गड्ढों की भराई व पुनः डामरीकरण का कार्य जल्द शुरू किया जाए,ताकि राहत मिले।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *