प्रदेश सरकार ने बजट में अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं को शामिल किया है: चिमनानी

भास्कर न्यूज | बेमेतरा जिला भाजपा कार्यालय में बजट को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिसमें भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कहा कि राज्य सरकार का बजट गांव से लेकर शहर तक समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। वर्ष 2026-27 के लिए छत्तीसगढ़ का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वर्तमान कीमतों पर 7,09,553 करोड़ रुपये अनुमानित है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि 2026-27 में ऋण को छोड़कर कुल प्राप्तियां 1,43,100 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है, जो संशोधित अनुमान से 10 प्रतिशत अधिक है। पूंजीगत व्यय 26,500 करोड़ रुपये प्रस्तावित है, जो पिछले वर्ष के संशोधित अनुमान से 63 प्रतिशत अधिक है। शहरी विकास के तहत मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना शुरू की जाएगी, जिसके लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान है। दुतगामी सड़क संपर्क योजना के लिए भी 200 करोड़ रुपये रखे गए हैं। महिलाओं के नाम पर भूमि एवं संपत्ति पंजीयन पर स्टांप शुल्क और पंजीयन शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। प्रेस वार्ता में राजेंद्र शर्मा, विजय सिन्हा, ओमप्रकाश जोशी, हर्षवर्धन तिवारी, प्राणिश रजक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। शिक्षा शहर के लिए 100 करोड़ का बजट: उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में अबुझमाड़ और जमरगोडा में शिक्षा शहर विकसित किए जाएंगे, जिसके लिए 100 करोड़ रुपये आवंटित हैं। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री शिक्षा सहयोग योजना शुरू होगी। राज्य की अर्थव्यवस्था में कृषि, विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों का योगदान क्रमशः 21, 46 और 33 प्रतिशत रहने का अनुमान है। प्रति व्यक्ति जीएसडीपी 2,03,196 रुपये अनुमानित है। उन्होंने बताया कि 2026-27 में प्रतिबद्ध व्यय 57,293 करोड़ रुपये रहेगा। राज्य के 54 प्रतिशत संसाधन स्वयं के होंगे, जबकि 46 प्रतिशत केंद्र से प्राप्त होंगे। राज्य का स्वयं कर राजस्व 52,000 करोड़ रुपये और गैर-कर राजस्व 25,000 करोड़ रुपये अनुमानित है। बजट में शिक्षा के लिए 15.8 प्रतिशत, स्वास्थ्य के लिए 6.5 प्रतिशत, ग्रामीण विकास के लिए 5.6 प्रतिशत और कृषि के लिए 17.9 प्रतिशत व्यय प्रस्तावित है। बेमेतरा जिले के संदर्भ में अमोरा बैराज निर्माण को भी बजट में शामिल किया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *